इंदौर। शहर में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक शहर इंदौर में संक्रमितों की संख्या 44 हो गई है, जबकि पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 64 है। प्रदेश के सभी शहरों के मुकाबले यह आंकड़ा दोगुना से भी ज्यादा है।
सोमवार को इंदौर में कोरोना पॉजिटिव 2 और मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक पुरुष और एक महिला है। वहीं उज्जैन निवासी जिस युवक ने 27 मार्च को दम तोड़ा था, उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अब प्रदेश में कोरोना वायरस के कहर से जान गंवाने वालों की संख्या 5 हो गई है। पीड़ितों में निजी अस्पताल के 2 डॉक्टर भी हैं। इन डॉक्टरों ने कोरोना संक्रमित लोगों का इलाज किया था।
मध्यप्रदेश में 64 : मध्य प्रदेश में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 64 पर पहुंच गई है। सबसे ज्यादा 44 मरीज इंदौर में है। जबलपुर में 8, भोपाल में 3, उज्जैन में 5, शिवपुरी में 2 और ग्वालियर में 2 संक्रमित मिले हैं। अब तक 5 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 इंदौर के हैं एवं 2 उज्जैन के।